अल्मोड़ा में डीएम ने जिला और महिला अस्पताल के चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक ली। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के व्यय को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान जिला अस्पताल में दूसरी लिफ्ट लगाने और बाहर की दवा लिखने का रिकॉर्ड रखने को लेकर सहमति बनी। शुक्रवार को हुई बैठक में डीएम आलोक कुमार पांडे ने चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुमोदित बजट का उपयोग मितव्ययिता के साथ होना चाहिए। आवश्यक उपकरण एवं सेवाओं में ही धनराशि को खर्च किया जाए। वर्तमान में जो व्यवस्थाएं अस्पताल में लागू हैं, उन्हें सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता में वृद्धि करने के निर्देश दिए।