अल्मोड़ा जिले में तीन दिनों के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही पंजीकरण काउंटर के बाहर से मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतार लगी रही। अस्पताल की ओपीडी 800 के पार रही। यहां फिजिशियन, ईएनटी, बाल रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों के कक्षों के बाहर मरीजों की भारी भीड़ रही। कई मरीज सुबह से कतार में खड़े रहे और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। शहर के अलावा हवालबाग, धौलादेवी, लमगड़ा, सेराघाट और लोधिया सहित दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। खून की जांच, अल्ट्रासाउंड और एक्सरे कक्ष, औषधि वितरण केंद्र के बाहर भी मरीजों की लंबी लाइनें लगी रहीं।