क्वारब में फिर पहाड़ी दरक गई। मलबा और बोल्डर गिरने से अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग करीब डेढ़ घंटे बंद रहा। इससे हाईवे पर जाम लग गया। इस कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। क्वारब में दरकती पहाड़ी की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। सोमवार को सुबह करीब 10.40 बजे क्वारब की पहाड़ी फिर दरक गई। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में काफी मलबा और बोल्डर अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरा। इससे एनएच मलबे से पट गया। इस वजह से यातायात अवरुद्ध हो गया। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर से हल्द्वानी जा रहे और हल्द्वानी से अल्मोड़ा की तरफ आ रहे वाहनों को पुल के आर पार रोक दिया गया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पर्यटकों के वाहन भी जाम में फंसे रहे। हाल यह था कि दरकती पहाड़ी से रुक-रुक कर मलबा और पत्थर गिर रहे थे। इस कारण जेसीबी भी मलबा नहीं हटा पा रही थी। मलबा गिरना थोड़ा कम हुआ तो जेसीबी से राष्ट्रीय राजमार्ग पर एकत्रित बोल्डर और मलबे को हटाया गया। तब जाकर 12.55 बजे मार्ग यातायात के लिए सुचारू हुआ। मार्ग पर आवाजाही के दौरान अभी खतरा बना हुआ है। खास कर तेज हवा चलने पर पहाड़ी से धूल का गुबार उड़ रहा है और मलबा गिर रहा है। यात्री यहां पर जान जोखिम में डालकर सफर करने के लिए मजबूर हैं।