द्वाराहाट में ईड़ा बाराखाम में प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले बड़े दिन कौतिक मेला इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। ग्राम ईड़ा, जमीनीवार और जमीनीपार के ग्रामीणों के सहयोग से मेला शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। नौकुडा, इग्यार, कर्नाट, विरोली, जमीनीवार और जमीनीपार के 6 जोड़ी नगारे और बाजे-गाजे के साथ आए ग्रामीणों ने ओड़ा भेंटने की रश्म निभाई। कार्यक्रम में दीपा मंदिर व राम दरबार में पूजा अर्चना, भजन-कीर्तन और पारंपरिक झोड़ों का गायन हुआ। मेले में भोग अर्पित कर विशाल भंडारा भी आयोजित किया गया। मेला समिति के अध्यक्ष पूरन सिंह, सचिव महेंद्र सिंह बिष्ट, नरेंद्र सिंह, मनोज रावत, कुबेर सिंह नेगी, ध्यान सिंह नेगी, उमेद सिंह बिष्ट सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वक्ताओं ने इस अवसर पर अपनी सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने और संरक्षित रखने का संदेश दिया।