आदिशक्ति की आराधना के महापर्व नवरात्र की सप्तमी तिथि पर शनिवार को विंध्याचल मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी है। मंगला आरती के बाद शुरू हुआ दर्शन-पूजन का सिलसिला अनवरत जारी है। विंध्य धाम की सभी गलियों में दर्शनार्थियों की अटूट कतार लगी है। दोपहर एक बजे तक करीब दो लाख भक्तों ने मां के दर्शन किए। इधर, मां विंध्यवासिनी के दरबार में बिना लाइन के दर्शन-पूजन कराने को लेकर पुलिस और पंडे भिड़ गए। सिपाही और पंडे के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। पुलिसकर्मियों के खिलाफ पंडे लामबंद होकर हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंचे पुलिस के उच्चाधिकारियों ने दखल देकर मामले को शांत कराया। सिपाही और पंडे के बीच विवाद का वीडियो वायरल है।