युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से आयोजित उत्तर प्रदेश ग्रामीण खेल लीग की ओर से खंडस्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता क्षेत्र के अतायस्तगंज स्थित खेल मैदान में हुआ। जिसका उद्घाटन ग्रामप्रधान लक्ष्मीनारायण यादव ने फीता काटकर व मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। खेलकूद में सब जूनियर वर्ग के 100 मीटर दौड़ में अब्दुल वाजिद भोड़सार प्रथम, विक्की शहाबगंज द्वितीय तथा सौरभ डुमरी तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग के 100 मीटर दौड़ में सतीश मनकपड़ा प्रथम, रवि कुमार अमाव द्वितीय तथा सचिन कौड़िहार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग के 800 मीटर दौड़ में चांदनी इमलिया प्रथम, ज्योति गुप्ता द्वितीय तथा प्रियंजल द्विवेदी इलिया तृतीय स्थान पर रहे। कबड्डी प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग बालक वर्ग में शहाबगंज प्रथम, रामपुर द्वितीय स्थान पर रहे। इस मौके पर बीपीआरडी नौगढ़ सुनील कुमार, व्यायाम प्रशिक्षक मदन यादव, कैलाश मौर्या, विनोद कमंडल, सुजीत, अंकित, अविनाश करुणा सागर आदि मौजूद रहे। संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राहुल वर्मा ने किया।