डॉ. भीम राव अंबेडकर पर दिए गए गृह मंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में समाजवादी पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के युवा नेताओं और सीओ सिटी में नोकझोंक भी हुई। देख लेने की धमकी के बीच सपा नेता हंगामा करने लगे और धरने पर बैठ गए । काफी देर तक जद्दोजहद व नोकझोंक चलता रहा। इसके बाद ज्ञापन देने पर धरना समाप्त हुआ। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सुबह से ही कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे थे। इधर कलेक्ट्रेट में सीओ सिटी के नेतृत्व में शहर, कटरा व देहात कोतवाली की पुलिस तैनात थी। कलेक्ट्रेट छावनी में तब्दील था। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता कार्यालय से निकाल कर कलेक्ट्रेट की ओर आते फिर वापस चले जाते। कई बार यह दौर चला। इसके बाद सीओ सिटी मजिस्ट्रेट के साथ ज्ञापन लेने सपा कार्यालय गए पर वह भी वापस चले आए। फिर अचानक सभी सपा कार्यकर्ता हंगामा करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े । बंद पड़े कलेक्ट्रेट गेट को खोलकर कार्यकर्ता अंदर घुस गए। पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की पर रोक न सकी। कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट खोलने के बाद कार्यकर्ता डीएम ऑफिस के गेट के पास पहुंच गए। वहां पर सपा के युवा नेताओं और सीओ सिटी के बीच कई बार नोंक झोंक हुआ। सपा का युवा नेता हंगामा करते हुए आरोप लगाए की सीओ सिटी ने देख लेने की धमकी दी है ।इसको लेकर काफी देर तक प्रदर्शन चलता रहा। कलेक्ट्रेट में एक तरफ वरिष्ठ नेता प्रदर्शन कर रहे थे तो एक तरफ जोश में भारे युवा नेता हंगामा करते रहे। ज्ञापन देने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।