मंडुवाडीह के डीजल पावर हाउस पर कार्यरत संविदा कर्मी मनोज प्रजापति की मौत के मामले में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सोमवार को डीपीएच पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। बिजली निगम के अधिकारियों ने 10 लाख रुपये बैंक खाते में भेजने को आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मनोज की मौत के बाद अधिकारियों ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया, लेकिन फिर मुकर रहे हैं। मुकरने का आरोप लगाते हुए मनोज के परिजन पोस्टमार्टम के बाद सीधे पावर हाउस पहुंचे और प्रदर्शन किया। मंडुवाडीह पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी ने बताया कि संविदा कर्मी की पत्नी के खाते में 10 लाख रुपये भेज दिए गए हैं।