आईआईटी बीएचयू में प्लेसमेंट के पहले ही दिन 1.67 करोड़ रुपये का पैकेज चला गया। वहीं न्यूनतम पैकेज 47.19 लाख रुपये तक रहा। पहले दिन के पहले स्लॉट में 55 कंपनियों ने 209 ऑफर दिए। वहीं इस साल 125 कंपनियों की ओर से कुल 489 छात्र-छात्राओं को नौकरी मिली। आईआईटी बीएचयू में सोमवार की आधी रात 12 बजे से 2025-26 सत्र का कैंपस प्लेसमेंट शुरू हुआ। इस बार प्लेसमेंट सत्र में कुल 1701 टेक्नोसेवियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इनमें बी.टेक के 1100 छात्र, एम.टेक और आईडीडी इंटीग्रेटेड डुअल डिग्री के 550 छात्र और 40 पीएच.डी. छात्र भी शामिल हैं। प्लेसमेंट प्रक्रिया की पूरी जिम्मेदारी संस्थान के करीब 75 जूनियर छात्रों पर है। कॉल लेटर से लेकर इंटरव्यू दिलाने और कंपनी एचआर से बातचीत कर समय तय करने की व्यवस्था संभालेंगे। वहीं सारा तकनीकी कार्यभार भी इन छात्रों के ही ऊपर होगा। इन्हें ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की स्टूडेंट टीम के प्रमुख समेत कई पद दिए गए हैं।