प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सोमवार को वाराणसी में नारी शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिला। 1000 से अधिक महिला खिलाड़ियों और विकास इंटर कॉलेज की छात्राओं ने एकजुट होकर नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला बनाई और पूरे शहर को महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए छात्राओं व खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मानव श्रृंखला के बाद सभी प्रतिभागियों ने विकास इंटर कालेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को नारी वंदन अधिनियम के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।