मां गंगा से भावनात्मक रूप से जुड़ने और सार्वजनिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नमामि गंगे और नगर निगम ने शुक्रवार को मोक्ष द्वार मणिकर्णिका अनादि तीर्थ पर स्वच्छता की मुहिम चलाई। मां गंगा सहित समाज के प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ और स्वस्थ रखा जा सके इस निमित्त पर्यटकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता अभियान में पर्यटक और श्रद्धालु भी सहयोगी बने। इस दौरान गंगा तट की सफाई करके श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गंगा और घाटों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई, जिससे वे स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बने। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि नियमित रूप से चलाए जा रही स्वच्छता मुहिम का मुख्य उद्देश्य गंगा के प्रदूषण में कमी लाना और उसका संरक्षण और कायाकल्प करना है। इन जागरूकता अभियानों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति आम जनता की सक्रिय भागीदारी पर जोर देना है। आयोजन के दौरान नन्हे गुरु, दिनेश चौबे, संजय द्विवेदी निर्मेश द्विवेदी, नगर निगम के कर्मचारी, पर्यटक एवं श्रद्धालु शामिल रहे।