छठ पूजा के बाद गंगा घाटों पर पसरी गंदगी को साफ करने के लिए नगर निगम और नमामि गंगे ने बुधवार को स्वच्छता अभियान चलाया। दशाश्वमेध, प्रयाग और राजेंद्र प्रसाद घाट तक गंगा तट पर फेंकी गई पूजा सामग्री को समेट कर घाटों को साफ किया गया। जन जागरूकता के दौरान स्वच्छता के महत्व को बताते हुए लोगों से गंगा घाटों पर साबुन, शैम्पू आदि का उपयोग न करने और कूड़ा न फैलाने की अपील की गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ घाट-निर्मल गंगा, यही हमारी सच्ची पूजा है । हम सभी को मिलकर आस्था के साथ जिम्मेदारी भी निभाना है, मां गंगा को स्वच्छ और अविरल भी बनाए रखना है।