बॉलीवुड गायिका यासिका ने तू क्या जाने और मईया-मईया गाया तो युवाओं ने दिखाई फ्लैश लाइट। एआर रहमान के दिए म्यूजिक तू क्या जाने पर यासिका सिक्का ने गाया तो मौजूद ऑडियंस मोबाइल टॉर्च जलाकर झूमने लगे। यासिका ने इसके बाद गुरु फिल्म का मईया-मईया गाकर सर्द रात में म्यूजिक प्ले का पारा बढ़ा दिया। कुर्सी छोड़ हर कोई थिरकने लगा। मंच पर यासिका के साथ दो गिटारिस्ट स्ट्रिंग पर अंगुलियों के जैसे ही पूरे शरीर को झकझोर दे रहे थे। बैंड पर आए बाकी कलाकारों ने भी बड़े जोश में इंस्ट्रूमेंट्स प्ले किया। वहीं, कैलाश खेर ने चुन-चुन खाईयो मास, नि मैं जाणा जोगी दे नाल से अपनी धमाकेदार प्रस्तुति की शुरुआत की। कैलासा बैंड के साथ कैलाश खेर के मंच पर आते ही युवाओं ने मोबाइल फ्लैश लाइट से स्वागत किया। इस दौरान कैलाश मंच पर नाचते हुए सुर लगा रहे थे।