प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 54वें दौरे को लेकर काशी नगरी को भव्य और स्वच्छ रूप देने की तैयारी पूरी कर ली गई है। शहर में साफ-सफाई से लेकर सौंदर्यीकरण तक व्यापक स्तर पर काम किया गया है, जिससे आगमन के दौरान काशी की अलग पहचान नजर आए। नगर निगम की पहल पर शहर के प्रमुख स्थलों को विशेष रूप से सजाया गया है। इसी क्रम में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्र अक्षत मिश्रा की टीम ने दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक कलाकृतियां उकेरी हैं। इन कलाकृतियों में भारतीय संस्कृति, योग और भगवान शिव की झलक प्रमुख रूप से दिखाई दे रही है। चौकाघाट क्षेत्र में स्क्रैप डिजाइन के पास बनाई गई योग मुद्राओं और भगवान शिव की चित्रकारी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। इसके अलावा अंधरापुल, चौकाघाट, जेल रोड, पुलिस लाइंस, मलदहिया और लहुराबीर जैसे व्यस्त इलाकों में भी दीवारों को रंग-बिरंगी पेंटिंग्स से सजाया गया है। नगर निगम के अनुसार, पूरे शहर में लगभग 15 हजार से अधिक पेंटिंग्स बनाई गई हैं, जिससे काशी की सड़कों और चौराहों को नया और जीवंत रूप मिला है। इस पहल का उद्देश्य न केवल प्रधानमंत्री के स्वागत को भव्य बनाना है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और स्वच्छता के संदेश को भी आमजन तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के साथ-साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है।