मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को विवेकनगर सर्कस ग्राउंड में आयोजित जनसभा में पहुंचे तो लोगों ने हाथ हिलाकर उनका स्वागत किया। मंच पर शहर विधायक विनोद सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, सदर विधायक राजाबाबू उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल और भाजपा नेता रामचंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जिले की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर सुल्तानपुर को बड़ी सौगात दी। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों को चेक व प्रशस्तिपत्र वितरित किए। लाभार्थियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने योजनाओं के अनुभव पूछे और उनकी प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।