महुअरिया स्थित शेम्फोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल में शनिवार, 9 नवंबर को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा को लेकर छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कुल 1485 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 776 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। सुबह से ही परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। निर्धारित समय पर प्रवेश पत्र की जांच के बाद सभी छात्रों को शांतिपूर्वक परीक्षा कक्षों में प्रवेश दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली थीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार तिवारी ने बताया कि अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिससे उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि बच्चों में इस परीक्षा को लेकर खास उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला, जो उनके उज्जवल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।