सुल्तानपुर जिले के करौंदीकला विकास खंड के प्रतापपुर गेट से रवनियां चौराहे तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के ग्रामीण अभियंत्रण विभाग से बन रही सड़क निर्माण के दौरान ही टूटने लगी है। सड़क के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस सड़क की लंबाई 9.44 किलोमीटर है। इसके निर्माण पर 10.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। अमर उजाला में मंगलवार के अंक में खबर प्रकाशित होने के बाद ठेकेदार ने तारकोल और गिट्टी का मिक्चर उखड़वा दिया। अब नए सिरे से उस जगह सड़क बनाने की बात कही जा रही है। 2024 के जून में इस सड़क का निर्माण शुरू हुआ। जबकि सड़क का निर्माण फरवरी 2024 में ही पूरा करना था। गिट्टी डालने के बाद चार महीने कार्य बंद रहा। नवंबर में सड़क का निर्माण शुरू किया गया। विभाग की ओर से निर्माण के दौरान सतर्कता नहीं बरती जा रही थी। यही कारण है कि भटौता तुलसी पट्टी तिराहे पर सड़क की गिट्टियां उखड़ने लगी हैं और सड़क टूटनी शुरू हो गई है। इससे गुणवत्ता की पोल खुल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जिस हिसाब से तारकोल डालना चाहिए वह नहीं डाला गया। घटिया निर्माण होने से लोगों में काफी आक्रोश है। ग्रामीण राजीव चौबे ने कहा कि निर्माणाधीन सड़क की गिट्टियां उखड़ना चिंता का विषय है। निर्माण कार्य को इंजीनियर कभी देखने नहीं आते। यही कारण है कि ठेकेदार मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं। सड़क को कराया जाएगा दुरुस्त ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के जेई सुजीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सड़क में जहां-जहां दरार आ गई है, उस स्थान पर फिर से खोदाई कराकर दुरुस्त कराया जा रहा है।