यूपी के सुल्तानपुर में बृहस्पतिवार को वारंटी को पकड़ने गए एसआई पर आरोपी और उसके घरवालों ने हमला कर दिया। दोनों लोगों को जमकर पीटा। इससे वह घायल हो गए। इसके बाद एसआई की सर्विस रिवाल्वर छीनकर भाग निकले। पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी है। घटना हलियापुर थाना क्षेत्र के लाला का पुरवा डोभियारा गांव की है। यहां सुबह अयोध्या के कुमारगंज थाने के उप निरीक्षक अकील और भानु प्रताप जानलेवा हमले के प्रयास से जुड़े मामले में वारंटी दशरथ सिंह को पकड़ने पहुंचे थे। दोनों लोग सिविल ड्रेस में थे। इस बीच आरोपी और उसके परिवारवालों ने उप निरीक्षक अकील व भानु प्रताप पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने दोनों उप निरीक्षकों को जमकर पीटा। इससे वह घायल हो गए। यही नहीं एसआई अकील की सर्विस रिवाल्वर छीनकर भाग निकले। सूचना पर चार थानों की पुलिस टीम पहुंची। टीम ने हमलावरों की काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। हलियापुर थानाध्यक्ष तरुण पटेल ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। एसआई अकील और भानु प्रताप ने पांच नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। केस दर्ज किया जा रहा है। दो महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। कुमारगंज, इनायतनगर, हलियापुर व बल्दीराय थाने की पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।