फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुल्तानपुर में मालगाड़ी से टकराई ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक बाधित

सुल्तानपुर में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर ईंट लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मालगाड़ी से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए, जबकि मालगाड़ी का इंजन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के चलते रेल ट्रैक करीब सवा घंटे तक बाधित रहा। घटना सुबह करीब 10:43 बजे थाना चांदा क्षेत्र के ग्राम सभा शेरपुर परशुरामपुर में पोल संख्या 887/22 और 887/24 के बीच हुई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली कोइरीपुर की ओर से ईंटें लादकर शेरपुर परशुरामपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई और सामने से आ रही मालगाड़ी से टकरा गई। मालगाड़ी के चालक ने दूर से ही ट्रैक्टर को ट्रैक पर देख लिया था और तुरंत ब्रेक लगाकर रफ्तार कम कर दी। चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था। टक्कर के बाद मालगाड़ी का अगला बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के कारण ट्रेन सुबह 10:43 बजे से दोपहर 12:02 बजे तक घटनास्थल पर ही खड़ी रही। ट्रैक से क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाए जाने और निरीक्षण के बाद ही रेल संचालन बहाल किया जा सका। सूचना मिलते ही आरपीएफ और थाना कोतवाली चांदा की पुलिस मौके पर पहुंच गई। सब इंस्पेक्टर अवधेश सिंह यादव व सब इंस्पेक्टर अजय यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। फिलहाल ट्रैक्टर चालक और मालिक के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि ट्रैक्टर ट्रॉली रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंची और कहीं लापरवाही तो वजह नहीं बनी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें