यूपी के सुल्तानपुर में शहर कोतवाली के दरियापुर मोहल्ले में शनिवार तड़के करीब 4 बजे चाय व पान की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा गैस सिलिंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। इससे दुकान की छत उड़ गई। आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संचालक शिव प्रसाद वर्मा ने बताया कि दुकान में रखा सारा सामान जल गया। उन्हें करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जिला अग्निशमन अधिकारी केतन सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।