यूपी के सुल्तानपुर में रेलवे स्टेशन पर चल रहे अमृत भारत स्टेशन निर्माण कार्य के अंतर्गत कार्यदायी संस्था ने मुख्य प्रवेश द्वार के वैकल्पिक रास्ते को मंगलवार को अचानक बंद कर दिया। रास्ते में टिनशेड व बल्ली लगाकर बंद कर दिया गया। यात्रियों के लिए एनआरएमयू संघ भवन के बगल से रेलवे कॉलोनी के पीछे के रास्ते से वैकल्पिक मार्ग खोला गया। क्षतिग्रस्त वैकल्पिक मार्ग से करीब 300 मीटर की दूरी तय करने में यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जीआरपी व आरपीएफ थाने के सामने जेसीबी लगाकर रास्ते को भी खोद दिया गया। रेलवे यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि बिना नोटिस व पूर्व सूचना के अचानक से दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया है। इससे रेल यात्रियों के साथ ही संघ भवन आने वाले रेलवे कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।