सुल्तानपुर में शनिवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के बौद्ध प्रांत की बैठक आयोजित की गई। इसमें राज्यसभा सांसद संजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आगामी "रोजगार दो और सामाजिक न्याय दो" पदयात्रा की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें विभिन्न जिलों से आए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे। इस मौके पर सांसद संजय सिंह ने प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए गाय 'गौ माता' है, जबकि गोवा और मेघालय में भाजपा के लोग गाय का मांस खाते हैं। आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों पर बड़ा जनआंदोलन छेड़ेगी। ताकि युवाओं और वंचित वर्गों को उनका अधिकार मिल सके। भाजपा की आईटी सेल पर देशवासियों को साल भर "अनर्गल प्रपंचों" में फंसाए रखने का आरोप लगाया। सांसद ने कहा कि कानून की धाराएं सभी कानून तोड़ने वालों पर समान रूप से लागू होनी चाहिए, लेकिन देश की सरकार चुनिंदा तरीके से काम कर रही है। बुलडोजर नीति पर भी निशाना साधा और कहा कि इस नीति पर खुश होने वाले लोग अपने विनाश को आमंत्रित कर रहे हैं। वाराणसी में संत रविदास गेट के सामने 43 दुकानें तोड़े जाने पर कहा कि ये सभी भाजपा समर्थक थे। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा देश के लोगों को बर्बाद करने का नया तरीका खोज रही है। दो-चार मुसलमानों को परेशान करने के नाम पर अपने ही समर्थकों की जेब काटने में जुटी है। भाजपा को "जेब कतरा पार्टी" बताते हुए कहा कि वह मुसलमानों पर हमलावर प्रचारित कर पूरे देश को ठगने का काम कर रही है। आम आदमी पार्टी की "रोजगार दो" पदयात्रा उत्तर प्रदेश सरकार के इस "मकड़जाल" को तोड़ने का काम करेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भविष्य बचाने के लिए रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों को राजनीति में शामिल करें। इस मौके पर बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इमरान लतीफ, जिलाध्यक्ष सुरेश चंद गौतम, महासचिव राम विलास तिवारी, प्रतापगढ़ जिलाध्यक्ष दिनेश उपाध्याय, प्रभारी रजत चौरसिया, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता वंश राज़ दूबे, बौद्ध प्रांत कोषाध्यक्ष पूनम श्रीवास्तव, अनिल कोरी, पूर्व जिलाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष शोहरत अली, अशफाक अहमद, अजीत श्रीवास्तव, वासिद अहमद समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।