सुल्तानपुर में मकर संक्रांति के अवसर पर मंगलवार को मोतिगरपुर ब्लॉक अंतर्गत गोपालपुर बड़ागांव में 53वीं राज्य स्तरीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू कामेश्वर सिंह और स्व. भोला सिंह स्मारक वॉलीवॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने गोरखपुर टीम को दो सीधे सेटों में 25-22 व 25-17 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मुख्य अतिथि एमएलसी दीपक सिंह और सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वॉलीवॉल खेल संघ सुल्तानपुर के उपाध्यक्ष आरपी सिंह और जिला सचिव एसएन सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल का शुभारंभ किया। 53वीं राज्य स्तरीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू कामेश्वर सिंह व स्व. भोला सिंह स्मारक वॉलीवॉल प्रतियोगिता में गाजीपुर, देहरादून, गोरखपुर और ग्वालियर की टीम ने अपने-2 क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में तीन सेटों वाले मुकाबले के पहले सेट में गोरखपुर की टीम देहरादून की टीम से 24-26 से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए लगातार दूसरे और तीसरे सेट में क्रमशः 25-23 और 25-20 से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल गाजीपुर और ग्वालियर के बीच खेला गया। जिसमें गाजीपुर की टीम ने लगातार दो सीधे सीटों में 25-20 और 25-23 से ग्वालियर को हराकर फाइनल में जगह बनाई। तीन सेट वाले फाइनल मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने क्रमशः दो सीधे सेटों 25-22 और 25-17 से गोरखपुर की टीम को हराकर किताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शिव प्रकाश सिंह, जसवंत सिंह, मंगल सिंह 'दादा' और सर्वेश सिंह और कमेंट्रेटर की भूमिका हरि प्रसाद सिंह ने निभाई। कार्यक्रम के संयोजक कांग्रेस कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह 'राणा' व विजय सिंह ने सभी अतिथियों एवं क्षेत्रीय लोगों के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता में भाजपा एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सपा विधायक अरुण वर्मा, कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री मुईद अहमद, ब्लॉक प्रमुख मोतिगरपुर चंद्र प्रताप सिंह, पूर्व जिपं अध्यक्ष ओपी चौधरी, कूरेभार प्रमुख सोनू सिंह, पूर्व प्रमुख दोस्तपुर गिरीश सिंह, प्रबंधक अजय कुमार सिंह, लाल पद्माकर सिंह आदि उपस्थित रहे।