सोनभद्र में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव और विज्ञान मेले में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सजे भव्य मंच पर कलाकारों ने एक तरफ लोक गीत, लोक नृत्य और संगीत की प्रस्तुति से मन मोहा तो दूसरी ओर विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित मॉडल सजाकर वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया। समारोह में जिले के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों से 15-29 वर्ष की आयु के 83 कलाकारों ने प्रतिभाग किया। वहीं विज्ञान मेले में 98 युवा वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन आशुतोष चौधरी और डीआईओएस जयराम सिंह ने दीप जलाकर किया। डीआईओएस ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि प्रतिभा के धनी युवा अपनी कला से जिले का नाम मंडल व राज्य स्तर पर रोशन करें। लोक नृत्य (समूह) विधा में कल्पना विकास इंटर कॉलेज दुद्धी की पूजा की टीम विजेता और जीजीआईसी राॅबर्ट्सगंज की संगीता की टीम उप विजेता रही। लोक नृत्य (एकल) में जीजीआईसी की प्रीति विजेता और कोन की राखी उप विजेता रहीं। लोक गीत (समूह) में आरपी पीजी कॉलेज धरसड़ा घोरावल की सपना मौर्या की टीम विजेता और जीजीआईसी राॅबर्ट्सगंज की टीम उप विजेता रही।