सोनभद्र के सलखन क्षेत्र में बिजली कटौती और मीटर रीडिंग समय से नहीं होने के विरोध में रविवार को ग्रामीणों ने सलखन विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। निगम के अधिकारियों के विरोध में खूब नारेबाजी किए। कहा कि यदि बिजली संबंधित समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। नेतृत्व कर रहे ग्राम प्रधान मारकुंडी उधर सिंह ने बताया कि सलखन विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र में अनियमित बिजली कटौती की जा रही है। इससे न सिर्फ लोगों का व्यवसाय चौपट हो रहा है, बल्कि विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। प्रदर्शन कर रहे महिला एवं पुरुष उपभोक्ताओं ने सब स्टेशन सलखन से क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग की। इसके बाद मांगों से संबंधित प्रार्थना पत्र बिजली निगम के अवर अभियंता को सौंपा। चेताया कि यदि समय रहते उपभोक्ताओं की समस्या हल नहीं किया गया तो वह सोमवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी बिजली निगम के अधिकारियों की होगी। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से सूरज कुमार यादव, शिवनाथ, रामनाथ, पप्पू, भोला, राजकुमार, उपेन्द्र, महेश, मालती, विमला, सुशीला, सविता रामकिशुन, अवधेश आदि शामिल रहे।