सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक पर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मिठाई बांटकर खुशी जताई। व्यापारियों ने बताया कि भारत सरकार की ओर से फूड सेफ्टी पंजीकरण की सीमा 12 लाख रुपये से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये किए जाने और पंजीकरण व लाइसेंस को आजीवन (वन टाइम) करने के निर्णय से व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी। जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल लंबे समय से फूड लाइसेंस को वन टाइम करने की मांग करता आ रहा था। इस निर्णय से व्यापारियों को अनावश्यक भागदौड़, कागजी कार्रवाई और विभागीय चक्कर से राहत मिलेगी। साथ ही भारी-भरकम जुर्माने की समस्या से भी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम व्यापार को बढ़ावा देने वाला है और इससे व्यापारियों में खुशी की लहर है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल, जिला महामंत्री राजेश बंसल, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, युवा जिलाध्यक्ष रमेश जायसवाल, जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल, महिला नगर अध्यक्ष रितु अग्रहरी, किराना अध्यक्ष श्यामलाल केशरी, आईटी सेल अध्यक्ष अजय केशरी, फल-सब्जी मंडी अध्यक्ष श्याम बाबू, इलेक्ट्रॉनिक अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, लालू, उमेश केशरी, बबलू केशरी आदि मौजूद रहे।