मादक पदार्थों की अवैध बिक्री में संलिप्त महिला सहित तीन अंतर जनपदीय तस्करों को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 120 ग्राम हेरोइन की खेप बरामद हुई है। बरामद हेरोइन की कीमत 12 लाख रुपये है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर परासी स्थित शहीद उद्यान के पास से महिला समेत तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनकी पहचान म्योरपुर के कुंडाडीह निवासी मनीषा सिंह, प्रयागराज के मांडा निवासी चंद्रकांत गौतम और धर्मवीर उर्फ पंकज सरोज के रूप में हुई। पूछताछ में मनीषा ने बताया कि चंद्रकांत गौतम व धर्मवीर उर्फ पंकज उससे हेरोइन खरीदने के लिए प्रयागराज से रॉबर्ट्सगंज आए थे।