रॉबर्ट्सगंज के अंबेडकरनगर स्थित संत कीनाराम महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम से मना। अघोराचार्य संत कीनाराम महोत्सव के आलोक में आयोजित वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि रहीं जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका सिंह पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ की। उन्होंने कहा कि संत कीनाराम महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महिला शिक्षा का प्रकाश स्तम्भ है, जो नगर क्षेत्र में संचालित है। कहा कि जब कोई लड़की पढ़ती है तो उससे कम से कम दो घर यानी परिवार आलोकित होते हैं, जो सामाजिक उन्नयन का बहुत बड़ा आधार है। उन्होने महाविद्यालय में छात्राओं के लिए उपलब्ध शिक्षा व्यवस्था उसके संकाय आदि पर संतुष्टि जाहिर की और महाविद्यालय के प्रबंधक, प्राचार्य एवं शिक्षकों को बधाई दी। वहीं अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के निदेशक डॉ.गोपाल सिंह ने कहा कि बालिकाओं की सुविधा के लिए ही इस महाविद्यालय को शहर के मध्य स्थापित किया गया है। ताकि वे एक सुरक्षित वातावरण में उच्च शिक्षा ग्रहण कर समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी सशक्त भागीदारी दे सकें। कहा कि महिला महाविद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में बुलंदियों को छू रहा है। महाविद्यालय की अनेक छात्राएं शिक्षित होकर कई क्षेत्रों में जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्राओं ने पंजाब का भागड़ा, राजस्थान का झूमर, हरियाणा का हरियाणवी, गुजरात का डांडिया, मिर्जापुर की कजरी, बिटु रासलीला, कथ्थक, लघु नाटिका, नृत्य नाटिका, गीत-संगीत के साथ ही स्थानीय परिवारिक लोक गीतों का सफल प्रस्तुतीकरण किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।