सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल बुधवार को दुद्धी के दिवंगत विधायक विजय सिंह गोंड के पैतृक गांव कटौली पहुंचे। शांति भोज में शामिल हुए और दिवंगत विधायक के स्मृति स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके परिवारीजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया। इस दौरान उन्होंने दुद्धी के उपचुनाव में विजय सिंह के ही पारिवारिक सदस्य को मैदान में उतारने का एलान किया। दुद्धी को जिला बनाने के लिए विजय सिंह की मांग पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की ओर से किए गए वादे को भी पूरा करने की भी बात कही। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की कथनी-करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्हें जो भी वादा किया, उसे पूरा कर दिखाया है। अखिलेश यादव ने बच्चों को इंजीनियर, डॉक्टर बनने के लिए लैपटॉप की व्यवस्था दी, जिससे आधुनिक तकनीक के आधार पर आज बच्चों की पढ़ाई हो रही है। भाजपा ने सिर्फ झूठा आश्वासन दिया है। पीडीए के कितने लोगों को डॉक्टर-इंजीनियर, अफसर बनाया गया है, इसका जवाब भाजपा के लोगों के पास नहीं है। संविधान बदलने में लगे यह लोग सिर्फ जनता की भावनाओं के साथ खेलने में लगे हैं। कहा कि भाजपा ने दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, बिहार व पश्चिम बंगाल में बड़े तबके को उसके वोट के अधिकार से वंचित किया, मगर यूपी में उनकी चाल कामयाब नहीं होने दी जाएगी। अखिलेश यादव के नेतृत्व में वंचितों को बचाने के लिए पीडीए के तहत 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। इस अवसर पर विधान परिषद के प्रतिपक्ष नेता लाल बिहारी यादव, सपा के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, सांसद छोटेलाल सिंह खरवार, सपा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास जी गोंड, राष्ट्रीय सचिव अविनाश कुशवाहा, यशवंत सिंह पटेल, मुनीर अहमद, राम भरोसे सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय यादव, विजय यादव, पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे, अनिल कुमार यादव, रवि कुमार गोंड, जुबेर आलम, अवधनारायण यादव, बुद्धिनारायन यादव, केदार यादव आदि मौजूद रहे। विधायक विजय सिंह गोंड के बेटा बीरेंद्र सिंह गोंड, विजेन्द्र सिंह गोंड, नीरेंद्र सिंह गोंड ने आये हुए अथितियों का आभार जताया। इससे पहले हिंदुआरी, रॉबर्ट्सगंज, डाला सहित अन्य स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।