सोनभद्र में कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। एडीएम को ज्ञापन सौंपकर समय से मानदेय भुगतान कराने और पीएफ-ईएसआई की कटौती में सुधार कराने की मांग की। सफाई कर्मियों का आरोप है कि वह शासकीय राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में निजी कंपनी आरएसएमएस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से कार्यरत हैं। कंपनी की ओर से दो माह का मानदेय रोक दिया गया है। मानदेय मांगने पर कंपनी कर्मियों को सरकार से भुगतान नहीं आने की बात कहकर टाल रही है। कर्मियों ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका मानदेय 7833 रुपये ही है। आरोप लगाया कि हर माह मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। पीएफ और ईएसआई की कटौती भी सही तरीके से नहीं की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मानदेय को लेकर आवाज उठाने या शपथ पत्र देने पर कंपनी की ओर से नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। ज्ञापन देने वालों में विजलेश कुमार, शेषमणि, सुरदीप, जीतकुमार, रामनारायण, प्रदीप कुमार, शीला, विद्यावासिनी, शिवकुमारी, रामकुमारी, विमला, विवेक, सोनू, पंकज, सौरभ, भरत कुमार, राजेंद्र, सूरज और शिवकुमार आदि मौजूद रहे।