सोनभद्र के कलेक्ट्रेट में मंगलवार को समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने विद्यालय मर्जर के विरोध में प्रदर्शन किया। महासचिव एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु यादव के नेतृत्व में राज्यपाल और उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन सौंपा। समाजवादी छात्र सभा के जिला महासचिव हिमांशु यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार लगभग 5000 विद्यालयों को बंद करने जा रही है। उसमें पढ़ने वाले अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, अल्पसंख्यक, आदिवासी, गरीब, किसान के बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाएंगे। उन बच्चों पर बहुत ही प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित हो सकती है। बच्चों को शिक्षा से वंचित करना उनके मौलिक अधिकारों का हनन है। इसे हर हाल में रोका जाए। ऐसा न होने पर समाजवादी छात्र सभा पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी। समाजवादी छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष शाहिद अफरीदी और धीरेंद्र यादव ने कहा कि जब से केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से हर वर्ग के गरीबों के बच्चों के साथ अन्याय हो रहा है। इस मौके पर जिला सचिव राहुल यादव, योगेश वर्मा, विमलेश कुमार, सुनील कुमार, अमन विश्वकर्मा, अंकित विश्वकर्मा, आशु मद्धेशिया आदि शामिल रहे।