सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के सरईगढ़ ग्राम पंचायत के टोला पिपरा में रविवार की रात एक व्यक्ति ने होलिका में आग लगा दी। घटना से लोग उग्र हो गए। गांव में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर भारी फ़ोर्स ने पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गांव ने नई होलिका स्थापित करने पर लोग शांत हुए। रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरईगढ़ ग्राम पंचायत के टोला पिपरा में एक व्यक्ति द्वारा समय से पहले होलिका जला दिए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कृत्य से वर्षों पुरानी परंपरा को ठेस पहुंची है और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह व चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को संभाला। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। थाना प्रभारी अविनाश सिंह के अनुसार रितेश नामक व्यक्ति ने अपने खेत में रखे छप्पर को लेकर होलिका में आग लगा दी। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही होलिका को पुनः स्थापित कर गांव में शांति व्यवस्था कायम कर दी गई है।