ओबरा सुभाष तिराहा पर स्थित ट्रांसफार्मर के तार की चपेट में आकर लिंकन निषाद (20) की मौत हो गई। युवक पास में ही एक रेस्टूरेंट में काम करता था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वार्ड नंबर छह गौरवनगर निवासी अशोक निषाद का पुत्र लिंकन सुभाष तिराहा स्थित एक रेस्टूरेंट में काम करता था। सुबह उसका शव तिराहे पर लगे ट्रांसफॉर्मर के पास मिला। उसके हाथ में पानी की पुरानी बोतल भी थी। सूचना पर सीओ अमित कुमार और एसओ विजय चौरसिया मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। थाना प्रभारी विजय चौरसिया ने बताया कि लिंकन मंगलवार की देर रात युवक शौच के लिए सुनसान पाकर ट्रांसफाॅर्मर के पास गया था। आशंका जताई कि इस दौरान ट्रांसफार्मर के तार से सिर छू जाने से करंट की चपेट में आ गया, जिससे झुलस कर युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है।