सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज स्थित एक होटल में मंगलवार को सवर्ण जागरण मंच की ओर से संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर से सवर्ण समाज के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षिक और संवैधानिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अतिथि जुगुल किशोर तिवारी ने यूजीसी से जुड़े नए नियमों और प्रावधानों का विरोध करते हुए कहा कि ऐसे कानून युवाओं और शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं हैं। उन्होंने सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन प्रावधानों पर पुनर्विचार करने की मांग की। संगोष्ठी में सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज प्रसाद चौबे ने सामाजिक एकता, शिक्षा में समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया। उन्होंने समाज को जागरूक और संगठित रहने का आह्वान किया। इस दौरान वक्ता आशुतोष उपाध्याय ने कहा कि यूजीसी के नए इक्विटी रेगुलेशन्स का दुरुपयोग एससी/एसटी एक्ट से भी खतरनाक” साबित हो सकता है। उन्होंने समाज से इसके प्रति सतर्क और जागरूक रहने की अपील की। वहीं अनिल मिश्रा ने कहा कि जिस समाज ने सत्ता दी, उसी समाज की उपेक्षा की जा रही है। सवर्ण समाज के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गोष्ठी में रामानंद पाण्डेय, मृदुल मिश्रा, जितेंद्र कुमार सिंह और प्रतीक प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन सवर्ण आर्मी भारत के राष्ट्रीय सचिव सूर्यकांत द्विवेदी ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला ने की।