रॉबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान में चल रहे विधायक खेल महाकुंभ में लेदर बाल क्रिकेट मैच का बुधवार को फाइनल मुकाबला हुआ। डॉ. एचपी सिंह एकेडमी की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए बलिया को हराकर ट्राॅफी अपने नाम की। मंडलायुक्त ने भी मैच में पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। टॉस जीतकर एचपी सिंह एकेडमी रॉबर्ट्सगंज की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण फैसला लिया। बलिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर के मैच में 9 विकेट पर 165 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी डॉ. एचपी सिंह एकेडमी ने 14 ओवर में ही यह मैच जीत लिया। धुआंधार पारी खेलते हुए आकाश ने 36 गेंद पर 95 रन बनाए। विजेता डॉ.एचपी सिंह एकेडमी और उपविजेता बलिया टीम को सदर विधायक भूपेश चौबे, नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, सोन विहार इंफ्रा साल्यूशन के एमडी अजीत सिंह, पूर्व चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता ने पुरस्कृत किया। इससे पहले मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने सहभागिता करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस मौके पर एडीएम रमेश चंद्र, मनोज सोनकर, विकास मिश्रा, नवल वाजपेयी आदि मौजूद रहे।