जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश के अधिकांश निजी स्कूलों में अभिभावकों पर मनमानी फीस के साथ निर्धारित दुकानों से ही महंगे दामों पर किताब, यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव डाला जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर भारी वित्तीय और मानसिक बोझ पड़ रहा है। मांग किया कि निजी स्कूलों की इस मनमानी पर त्वरित कार्रवाई की जाए। फीस, किताबें और यूनिफॉर्म को लेकर एक पारदर्शी नीति बनाई जाए। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने किया। उनके साथ शहर अध्यक्ष फरीद अहमद, बृजेश तिवारी, राजीव त्रिपाठी, उषा चौबे, जितेंद्र पांडेय, जयप्रकाश चौबे, सुमित आदि मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द इस मुद्दे पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।