फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला के भविष्य ज्योति-2026 समारोह में हुआ बोर्ड परीक्षा के मेधावियों का सम्मान; VIDEO

Aman Vishwakarma Updated Sat, 30 May 2026 10:17 PM IST

जीवन में कुछ करना चाहते हैं तो अपने पैशन को ही कॅरियर बनाएं। दूसरों को देखकर या उनके कहे अनुसार कुछ भी न चुनें। हर कॅरियर क्षेत्र में बेहतरी की भरपूर संभावना है, मगर उसमें हमारी रुचि होनी चाहिए। अपना पैशन समझिए और उसे हासिल करिए। अपने व्यक्तित्व को बहुआयामी बनाएं। पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व विकास की अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय रहे और इसे अपनी दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की यही सीख थी, उन बच्चों के लिए जो बोर्ड परीक्षा में अपनी मेहनत और लगन से टॉपर बने हैं। चुर्क के मुसहीं स्थित विलास बैंक्वेट में अमर उजाला की ओर से आयोजित भविष्य ज्योति-2026 सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि डीएम ने मेधावियों को सुनहरे भविष्य की राह दिखाई। उन्हें अपनी रुचि के कॅरियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया। जीवन में सफलता के लिए व्यक्तित्व के बहुआयामी विकास पर जोर दिया। डीएम ने कहा कि कोई भी क्षेत्र किसी से कम नहीं है। बस उसमें अपनी पूरी क्षमता लगाने की जरूरत है। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत विशिष्ट अतिथि सीडीओ जागृति अवस्थी, डीआईओएस जयराम सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, मुख्य प्रायोजक मोनू होलसेल्स के नितिन अग्रवाल सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद अतिथियों ने सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की परीक्षा में अपने विद्यालय में अव्वल स्थान पर रहे मेधावियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिले के आलाधिकारी के हाथों सम्मान पाकर बच्चे आह्लादित रहे। उनके गले में लटकता पदक चेहरे की चमक को दोगुना कर रहा था। होनहार बच्चों को सम्मानित होते देख उनके अभिभावक और शिक्षक भी गदगद थे। पूरा सभागार तालियाें से गूंजता रहा। समारोह में राजेंद्र प्रसाद जैन, संतोष पांडेय, बीएचयू के पूर्व वित्त रजिस्ट्रार डॉ. एमआर पाठक, अजेय पांडेय, डॉ. आलोक सिंह, श्रवण कुमार, विशाल पांडेय, अजीत पांडेय, इं.शिवम पांडेय, अमरेश पाठक, विशेष सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, निदेशक सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें