विंढमगंज थाना क्षेत्र में किसानों को कथित रूप से नकली धान का बीज बेचने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कई बीज विक्रेताओं ने पुलिस को तहरीर देकर जांच की मांग की है। विंढमगंज थाने में दी गई तहरीर में बीज भंडार संचालक सत्येंद्र कुशवाहा, शशिकांत कुशवाहा, उपेंद्र कुशवाहा, रघुराज मेहता, कालिका प्रसाद, विनय कुमार और संजय कुमार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग गांव-गांव घूमकर किसानों को हाईब्रिड धान बीज बताकर संदिग्ध बीज बेच रहे हैं। किसानों को आकर्षक दावों के साथ बीज बेचा गया, लेकिन बाद में बीज की गुणवत्ता और पैकेजिंग को लेकर संदेह उत्पन्न हो गया। तहरीर में कहा गया है कि अगर समय रहते बीज की जांच नहीं कराई गई तो बड़ी संख्या में किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। खरीफ सीजन की शुरुआत में इस तरह की गतिविधियां किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं। मामले में विंढमगंज थाना प्रभारी शिवकुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।