वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया सोमवार को सोनभद्र पहुंचे। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में नव निर्मित आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल का लोकार्पण किया। जिले के सभी अफसरों के साथ यातायात सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं पर बैठक ली। सड़क हादसों में कमी लाने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। नव निर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक के दौरान एडीजी ने कहा कि सड़क हादसों की बढ़ती संख्या चिंताजनक है। दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवर स्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा को जनपद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करने पर जोर दिया। बैठक में डीएम बद्रीनाथ सिंह, एसपी अभिषेक वर्मा सहित अन्य अफसर मौजूद रहे। गोष्ठी के बाद रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस भोज (बड़ा खाना) में भी एडीजी शामिल हुए। एडीजी और एसपी ने स्वयं जवानों को भोजन परोसा। अधिकारियों ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। इस मौके पर एएसपी टीएन त्रिपाठी, अनिल कुमार, सीओ रणधीर मिश्र, डॉ. चारू द्विवेदी, राज सोनकर सहित अन्य अफसर-कर्मचारी मौजूद रहे।