सीतापुर के रामपुर मथुरा ब्लॉक में सरयू कहर बरपा रही है। बुधवार को ग्राम पंचायत शुकुलपुरवा में 25 घर कटान की भेंट चढ़ गए थे। बेघर कटान पीडितों ने करीब 500 मीटर की दूरी पर घास फूस की झोपड़ी बनाई थी। बृहस्पतिवार दोपहर कटान पीडितों की झोपड़ी में अचानक आग लग गई। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण वहां दमकल आदि का पहुंचना भी असम्भव था। अग्निकांड में बलिराम, विक्रम, हरिश्चंद्र, फूलचंद्र, राजकुमार, सियाराम, रामविजय, बेवा सुधा, राकेश सहित नौ लोगों के घर जलकर राख हो गए। इसमें करीब डेढ़ लाख की नगदी सहित कुछ जेवरात व गृहस्थी का सारा सामान जल गया। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। मौके पर महमूदाबाद एसडीएम बालकृष्ण, तहसीलदार अनिल कुमार सहित लेखपाल व कानूनगो पहुंचे। तहसील प्रसाशन द्वारा पीड़ितों को तिरपाल व खाद्यान्न किट वितरित की गई।