सीतापुर जिले के थाना इमलिया सुल्तानपुर इलाके में काजीकमालपुर महोली मार्ग पर रन्नूपुर के निकट ईरिक्शा अचानक पलट गया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो महिलाएं व बच्चे घायल हो गये। 112 नंबर से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐलिया लाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ नितेश कुमार ने प्रवीण मिश्रा (35) पुत्र गुरूप्रसाद निवासी कैमहरा थाना मैगलगंज जिला लखीमपुर को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि प्रवीण मिश्रा का निजी ई रिक्शा था। वह अपनी पत्नी दलपति, भाभी व बेटा बेटी के साथ पत्नी की फाइलेरिया की दवा लेने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐलिया आ रहे थे। अचानक ईरिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें प्रवीण ई रिक्शा के नीचे दब गए और बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों ने मदद कर ई रिक्शा को हटाया। एंबुलेंस को कॉल की गई मगर काफी देर तक वह मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस की 112 नंबर गाड़ी मौके पर पहुंची एवं सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐलिया लेकर आई।