सीतापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास हाईवे के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें से एक मृतक भाजपा नेता का बहनोई है। हादसे के कारण नेशनल हाइवे पर यातायात भी बाधित रहा। इलाके के बहुगुणा चौराहे से आगे आवास विकास के पास हेमपुरवा निवासी सुधाकर मिश्र (42) सीमेंट लदी ट्रैक्टर ट्राली लेकर जा रहे थे। उनके साथ मजदूर रामगोपाल (38) व एक अन्य अज्ञात युवक था। बाईपास पर जा रही सीमेंट लदी ट्राली को महोली की ओर से आ रहे ट्रक ने ओवरब्रिज से उतरते ही पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चालक व दो लेबर सड़क पर गिरे और ट्रक पीछे से रौंदता चला गया। मृतकों में जिला पंचायत सदस्य मनोज तिवारी के बहनोई सुधाकर मिश्र, लेबर रामगोपाल व एक अज्ञात की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसपी नार्थ आलोक सिंह व सीओ सिटी विनायक भोंसले, नगर कोतवाल अनूप शुक्ल की टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, हाईवे पर आधा घंटा यातायात बाधित रहा।