अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस पर बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भिनगा में गोष्ठी का आयोजन हुआ। प्रधानाचार्य डा. एकता यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छ गरिमा विद्यालय की जिला स्तरीय नोडल सरोजा देवी ने छात्राओं को आवश्यक टिप्स बताए। इस दौरान छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया। गोष्ठी में स्वच्छ गरिमा विद्यालय की जिला स्तरीय नोडल ने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य प्रक्रिया है। इससे होकर किशोरियों व महिलाओं को गुजरना पड़ता है। कुछ लोग इसे छुआछूत मानती हैं लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। माहवारी के दौरान एक बात का ध्यान रखना जरूरी है, वह है स्वच्छता। इस दौरान कपड़े का प्रयोग करने से बचें। हमेशा सेनेटरी पैड का ही प्रयोग करें। यदि किन्हीं कारणों से कपड़े का उपयोग करना पड़े तो सिर्फ सूती कपड़े ही प्रयोग करें। यह भी ध्यान रखें कि वह कपड़ा पूरी तरह से साफ व धूप में सुखाया गया हो। प्रधानाचार्य ने छात्राओं को माहवारी स्वच्छता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि इसमें लापरवाही बरतने से महिलाएं व बालिकाएं कई प्रकार के बीमारियों से ग्रसित हो सकती हैं। सभी लोग स्वच्छता के प्रति विशेष ध्यान दें। इससे होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है। साफ सफाई होने से किसी भी प्रकार की बीमारी का खतरा नहीं रहता। इस दौरान छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। इस मौके पर विद्यालय की सभी छात्राएं मौजूद रहीं।