कटरा/वीरपुर। बौद्ध परिपथ पर बर्मा बुद्ध विहार के पास मंगलवार की रात तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित एसयूवी सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक व कार सवार दो लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सीएचसी इकौना ले जाया गया। जहां चार की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे के बाद एसयूवी का चालक मौके से फरार हो गया। ग्राम पंचायत झांझर निवासी हुसैन(25), अली हुसैन (28) व उमैद (56) मगलवार को एक बाइक पर सवार होकर कटरा बाजार खरीदारी करने गए थे। खरीदारी के बाद तीनों वापस घर लौट रहे थे। इस दौरान बौद्ध परिपथ बर्मा बुद्ध विहार के पास उनकी बाइक में बहराइच से बलरामपुर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी ने टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर मारने के बाद एसयूवी सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार गोमदापुर अधिवक्ता श्याम किशोर पांडेय(48) व रामवापुर निवासी विजय पांडेय(40) और बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने अधिवक्ता श्याम किशोर पांडेय, अली हुसैन, उमैद और हुसैन की हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। हादसे के बाद एसयूवी चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची नवीन मॉडर्न थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाया और जांच शुरू की। थान प्रभारी लाल साहब सिंह का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सभी घायलों का इलाज जारी है।