गढ़ी गांव निवासी वृद्ध साइकिल से मंगलवार को सब्जी बेचने जा रहा था। अग्गापुर के निकट वह अनियंत्रित हो साइकिल सहित मार्ग किनारे खड्ड में गिर गया। वहां वृद्ध की डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची भिनगा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भिनगा क्षेत्र के ग्राम गढ़ी निवासी शोभाराम (60) साइकिल से गांव गांव सब्जी बेच कर जीविकोपार्जन कर रहे थे। प्रतिदिन की भांति मंगलवार सुबह साइकिल पर सब्जी लेकर घर से बेचने के लिए निकले थे। इस दौरान जैसे ही वह क्षेत्र के ही अग्गापुर गांव के निकट पहुंचे तभी अग्गापुर गांव के पास अनियंत्रित हो साइकिल सहित मार्ग किनारे खड्ड में गिर गए। इस दौरान खड्ड में पानी अधिक होने से उनकी डूबने से मौत हो गई। इस बीच मार्ग से होकर गुजरे ग्रामीणों ने देखा कि खड्ड में किसी का शव पड़ा है। इसकी सूचना ग्रामीणों ने भिनगा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को खड्ड से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। वहीं, वृद्ध की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक राज कुमार सरोज का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।