भाजपा की ओर से रविवार को अपने नए जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा की है। इसमें डॉ. मिश्रीलाल वर्मा को श्रावस्ती का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। उनके नाम की घोषणा पार्टी कार्यालय भिनगा में खाद्य आपूर्ति एवं रसद राज्य मंत्री की मौजूदगी में चुनाव अधिकारी व कुशीनगर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष ने की। भिनगा स्थित पार्टी कार्यालय में रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा के लिए कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें चुनाव अधिकारी के रूप में कुशीनगर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष व गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय महामंत्री डॉ.प्रेमचंद्र मिश्रा व मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकारी के खाद्य आपूर्ति एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडेय, एमएलसी पदमसेन चौधरी की उपस्थिति में चुनाव अधिकारी ने डा मिश्रीलाल वर्मा के नाम की घोषणा की। पेशे से प्रोफेसर डॉ मिश्रीलाल वर्मा ने अध्यक्ष बनने पर पार्टी व संगठन के पदाधिकारियों का आभार जताते हुए पार्टी को जिले में नंबर वन पर ले जाने, पार्टी की दोनों सीटों पर आगामी विधानसभा चुनाव में विजयश्री दिलाने व लोकसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने का दावा किया साथ ही जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं व संगठन के पदाधिकारियों को साथ लेकर पार्टी की रीतियों व नीतियों को घर घर व जन जन तक पहुंचाने की बात कही। इस दौरान निवर्तमान जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, महेश मिश्रा, शंकर दयाल पांडेय, संजय कैराती पटेल, दिवाकर शुक्ला, रमन सिंह, रणवीर सिंह, वीरेश मिश्रा, संजू तिवारी सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।