श्रावस्ती एयरपोर्ट पर बुधवार को अग्निशमन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त विमान से यात्रियों को निकालने व चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान लखनऊ से आ रहा विमान एयरपोर्ट पहुंचते पहुंचते दुर्घटनाग्रस्त हो गया और विमान में आग लग गई। इस पर अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल पहुंचकर विमान में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद विमान में लगे आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलने पर पहुंचे इकौना सीएचसी के चिकित्सा कर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार मुहैया कराया। पूर्वाभ्यास के दौरान एयरपोर्ट निदेशक अफजाल अहमद, एसडीएम इकौना ओमप्रकाश, सीओ सतीश कुमार शर्मा, सहायक निदेशक एयरपोर्ट सुधीर कुमार, थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार बौद्ध, सिद्धनाथ जायसवाल आदि लोग मौजूद रहे।