बौद्ध परिपथ स्थित खरगौरा बस्ती स्थित पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दिया। घटना में बाइक सवार एक अधेड़ की मौत हो गई जबकि एक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी इकौना लाया गया है। देवरिया जिले के थाना भाटपुररानी के ग्राम बंगरा बाजार निवासी इंदल कुमार यादव (51) मंगलवार को देवरिया के ही थाना ककंधू के ग्राम विशुनपुरवा निवासी अनिल कुमार यादव (50) की बाइक से इकौना से बलरामपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही अनिल बाइक लेकर बौद्ध परिपथ स्थित कटरा थाना क्षेत्र के खरगौरा बस्ती पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने बाइक को टक्कर मार दिया। टक्कर तेज होने के कारण जहां बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं, बाइक सवार मार्ग पर ही दूर जा गिरे। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे इंदल कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हेलमेट लगाए होने के कारण अनिल की जान बची। सूचना पर पहुंची कटरा पुलिस ने एंबुलेंस से घायल अनिल को सीएचसी इकौना पहुंचाया जबकि इंदल के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद चालक बस सहित फरार हो गया। इस बारे में थाना प्रभारी कटरा गणनाथ प्रसाद का कहना है कि दुर्घटना में मृत व घायल के पास मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हुई है। यह दोनों कहां से कहां जा रहे थे। इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।