यूपी के श्रावस्ती में शुक्रवार की रात घर में घुसकर गला रेतकर युवती की हत्या कर दी गई। मां बगल की चारपाई पर लेटी थी, लेकिन उसे भनक तक न लग सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना सिरसिया थाना क्षेत्र के शाहपुर बदगदवा गांव की है। गांव निवासी पंचूराम की इकलौती बेटी सुनीता देवी (18) शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद सोने के लिए चली गई। मां कलावती पास ही दूसरी चारपाई पर सोई थी। आधी रात कलावती की आंख खुली तो सुनीता खून से लथपथ मिली। गले पर किसी धारदार हथियार से कट का निशान था। यह देख कलावती चीख पड़ी। साथ ही घर के अन्य परिजनों को खबर दी। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर थाना प्रभारी शैलकांत उपाध्याय फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर एसपी राहुल भाटी भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवती के गले पर धारदार हथियार से हमले की संभावना है। खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया है। हर पहलू की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक लग रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।