श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरंट पुलिस ने 27 अक्टूबर की रात थाना क्षेत्र के रहमतू गांव में हुई चोरी का मंगलवार खुलासा किया। मामले में स्थानीय पुलिस ने स्वाट टीम के साथ मिलकर दो अंतर्जनपदीय शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से पुलिस ने चोरी का माल, मोबाइल व हथियार बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि रहमतू गांव निवासी वसीम खां ने 28 अक्तूबरको थाने में तहरीर दिया था जिसमें उसने आरोप लगाया था कि छत के सहारे उसके घर में घुसे चोर अटैची उठा ले गए थे। जिसमें परिवार की महिलाओं के पांच सोने व पांच चांदी के जेवर थे। साथ ही चोर दो मोबाइल व 10000 रुपये भी ले गए थे। सुबह गांव से बाहर खेत में अटैची टूटी मिली थी। इसका मामला दर्ज कर खुलासा करने के लिए हरदत्त नगर गिरंट पुलिस के साथ स्वाट व सर्विलांस टीम को लगाया गया था। टीम ने मुखबिर की सूचना पर देवरा नहर पुल के पास से दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान बहराइच जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बड़ेहरा निवासी भोला उर्फ फिरोज खां व नानपारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मासूपुर निवासी सैलून अली उर्फ मूसे के रूप में हुई है। जिनके कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, दो कारतूस, सात एंड्रायड मोबाईल फोन, एक चांदी का हाथ फूल, दो पायल, दो पाजेब, चार बिछुआ, एक सोने का मंगलसूत्र सहित मूंगे की माला, एक नाक की कील व 2970 रुपये नगदी बरामद हुई है। गिरफ्तार भोला उर्फ फिरोज खां पर बहराइच, पीलीभीत, जीआरपी गोंडा, बस्ती व स्थानीय थाने में 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं जिसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर जेल भेजा जा रहा है।